प्रयागराज महाकुंभ-2025 से पहले वाराणसी में गंगा की शुद्धता को लेकर सवाल उठने लगे हैं. दरसअल,वाराणसी में अस्सी और वरुणा नदी की दुर्दशा से जुड़ी एक याचिका पर सुनवाई के दौरान एनजीटी ने गंगा के पानी की शुद्धता को लेकर सवाल उठाए थे. एनजीटी ने वाराणसी के डीएम से पूछा था कि क्या आप गंगा का पानी पी सकते हैं?क्यों नहीं गंगा के किनारे बोर्ड लगाया जाए की गंगा का पानी नहाने और पीने योग्य नहीं है .एनजीटी की इस टिप्पणी के बाद गंगा की स्वच्छता को लेकर एक बार फिर से सवाल खड़े हो रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी इसको लेकर चर्चा शुरू हो गई.

