उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है. फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र की याकूतगंज पुलिस चौकी पर बिजली चोरी करके चलाई जा रही थी. विद्युत निगम की टीम देर रात चेकिंग के लिए निकली तो चौकी पर कटिया डालकर चोरी से बिजली चलती नजर आई. टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बिजली की केबल काटकर जब्त कर ली. जिले में विद्युत निगम के उपखंड अधिकारी राजकुमार वर्मा के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. जांच में पता चला कि चौकी पर 45 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया होने के कारण पहले ही कनेक्शन काट दिया गया था, इसके बावजूद बिजली चोरी की जा रही थी. मामले में निगम की ओर से जानकारी दी गई है कि चौकी में मीटर से बायपास कर केवल जोड़कर बिजली का इस्तेमाल हो रहा था. टीम ने कार्रवाई कर केबल काटकर अपने कब्जे में ली और मामले की जानकारी सीनियर अफसरों को दे दी.

